
तीन दिन से बंद गडोरा-चतोली-किरूली सड़क, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
गेराणी गदेरा में मलबा आने से आवाजाही ठप, 15 साल बाद भी नौ किमी सड़क की हालत खस्ताहाल
पीपलकोटी। दशोली विकासखंड में पीएमजीएसवाई के तहत बनी गडोरा-चतोली-किरूली सड़क पिछले तीन दिन से गेराणी गदेरा में बंद है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द मलबा हटाकर सड़क को यातायात के लिए खोलने की मांग की है।
ग्रामीण संजय, प्रेम, कलम, संतोष, हरीश और प्रदीप ने बताया कि गेराणी गदेरा में मलबा आने के बाद तीन दिन से सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बंद है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क खोलने की मांग की है।
15 साल में भी नहीं सुधरी स्थिति
ग्रामीणों के अनुसार करीब नौ किलोमीटर लंबी यह सड़क पीएमजीएसवाई के तहत बनाई गई थी। निर्माण के करीब 15 वर्ष बाद भी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश होते ही सड़क के कई हिस्सों में मलबा आने और मार्ग बाधित होने की समस्या सामने आती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बरसात में उनकी परेशानी बढ़ जाती है। उन्होंने विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम करने और बारिश के दौरान नियमित निगरानी की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि तीन दिन से सड़क बंद होने के बावजूद अभी तक आवाजाही सुचारु नहीं हो पाई है। उन्होंने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

