चमोली : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का डीएम ने लिया संज्ञान, रिश्वत मांगने के आरोपों की होगी जांच

Team PahadRaftar

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का डीएम ने लिया संज्ञान, रिश्वत मांगने के आरोपों की होगी जांच

संजय कुंवर

चमोली। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में राजस्व विभाग के रिकॉर्ड रूम से पुरानी खतौनी की नकल उपलब्ध कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोपों का जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संज्ञान लिया है। मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच के लिए उन्होंने अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्राम पगना, तहसील चमोली निवासी ताजवर सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग के रिकॉर्ड रूम से पुरानी खतौनी की नकल उपलब्ध कराने के एवज में दो कार्मिकों ने उनसे 500 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच के साथ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का भी अनुरोध किया है।

सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों की होगी जांच

शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी चमोली की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें कोषाधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी चमोली को सदस्य बनाया गया है। समिति मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करेगी।

जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि प्रकरण से जुड़े सभी बिंदुओं की प्राथमिकता के आधार पर गहनता से जांच कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट और तथ्यपरक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

अनियमितता और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं : डीएम

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आमजन को सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

कर्णप्रयाग : झिरकोटी में एसआईआर के नोटिसों का निस्तारण, डिजिटल मैपिंग भी पूरी

झिरकोटी में एसआईआर के नोटिसों का निस्तारण, डिजिटल मैपिंग भी पूरी केएस असवाल कर्णप्रयाग / गौचर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत तहसील कर्णप्रयाग क्षेत्र के झिरकोटी गांव में मतदाताओं को जारी नोटिसों के निस्तारण और डिजिटल मैपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। पंचायत भवन में आयोजित […]

You May Like