
– प्रतिदिन तीन से साढ़े तीन हजार श्रद्धालु पहुंच रहे बदरीनाथ धाम
– कपाट खुलने के बाद अब तक 15.62 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम : श्रावण मास में भगवान शिव के भक्त कांवड़ियों की बढ़ती आमद से भू-बैकुंठ नगरी बदरीनाथ धाम का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है। भगवान बदरीविशाल के जयघोष के साथ ‘बम-बम भोले’ के उद्घोष से पूरी बदरीपुरी गूंज रही है। देवदर्शनी से लेकर माणा स्थित केशव प्रयाग तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल लगातार बढ़ रही है।
दोपहिया वाहनों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे कांवड़ियों के कारण बदरीनाथ धाम की सड़कों पर रौनक लौट आई है। मानसून के बीच भी मंदिर परिसर में भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कांवड़िए पहले तप्तकुंड में स्नान कर भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर रहे हैं, इसके बाद माणा स्थित केशव प्रयाग और अलकनंदा तट से श्रद्धापूर्वक गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।
श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन करीब तीन हजार से साढ़े तीन हजार श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या से स्थानीय बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों में भी रौनक लौट आई है। होटल, धर्मशालाओं और भोजनालयों में भी पहले की तुलना में अधिक चहल-पहल देखने को मिल रही है।
बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से अब तक 15 लाख 62 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। मानसून के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है।
प्रशासन और बदरी-केदार मंदिर समिति ने कांवड़ियों और तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। साथ ही यात्रियों से मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील भी की गई है।

