चमोली : स्कूली बच्चों को सिखाए जा रहे आपदा से बचाव के गुर, मॉक अभ्यास में दिखाया दमखम

Team PahadRaftar

भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अग्निकांड से निपटने का दिया जा रहा प्रशिक्षण, 28 नवंबर तक चलेगा अभियान

चमोली जनपद में आपदा से निपटने के लिए स्कूली बच्चों को तैयार किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में मॉक अभ्यास और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 14 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में अग्निशमन विभाग, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीमें विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके सिखा रही हैं।

अभियान के तहत विद्यार्थियों को भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़ और वनाग्नि जैसी आपदाओं से बचाव की जानकारी दी जा रही है। भूकंप के दौरान ‘ड्रॉप, कवर और होल्ड’ की प्रक्रिया के साथ सुरक्षित स्थानों की पहचान और आपातकालीन निकासी का अभ्यास कराया जा रहा है।

अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दे रही है। गैस सिलेंडर में आग लगने और विद्युत शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से निपटने के तरीके भी समझाए जा रहे हैं। वहीं, एसडीआरएफ के जवान खोज एवं बचाव अभियान, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, रस्सियों के जरिए रेस्क्यू और बचाव उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन कर रहे हैं।

मॉक अभ्यास के दौरान आपातकालीन स्थिति का दृश्य तैयार कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुरक्षित तरीके से विद्यालय भवन से बाहर निकलने तथा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर एकत्रित होने का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लेने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सीख दी जा रही है।

कार्यक्रमों में छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं और आपदा प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के प्रति जागरूक बनाने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित बचाव के लिए तैयार करना है।

Leave a Reply

You May Like