
भगवान कार्तिकेय की तपस्थली में उमड़े श्रद्धालु, रातभर चार पहर होगी विशेष आरती और अखंड जागरण
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : भगवान कार्तिकेय की तपस्थली क्रौंच पर्वत पर वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व देव दीपावली के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान कार्तिकेय के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर दीपों की रोशनी और भक्तों की जयकारों से भक्तिमय बना रहा। पर्व पर रातभर विशेष पूजा-अर्चना, चार पहर की आरती और अखंड जागरण होगा।
क्रौंच पर्वत में वैकुंठ चतुर्दशी का विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व है। मान्यता है कि देव सेनापति भगवान कुमार कार्तिकेय ने इसी पर्वत पर कठोर तपस्या की थी। इसी कारण यह स्थान उनकी तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि भगवान शिव और माता पार्वती कैलाश से अपने पुत्र कार्तिकेय से मिलने कुमार लोक पहुंचते हैं। इसी पौराणिक परंपरा के चलते यहां इस पर्व को विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
पर्व पर श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली मनाई गई। दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
मंदिर समिति के अनुसार वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि में चारों पहर विशेष आरतियां उतारी जाएंगी। प्रत्येक पहर में विधि-विधान से देवी-देवताओं का आवाहन किया जाएगा। इसके साथ ही पूरी रात अखंड जागरण होगा, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन और देव स्तुति करेंगे।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि क्रौंच पर्वत की यह परंपरा क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत और लोक आस्था का प्रतीक है। वैकुंठ चतुर्दशी पर यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु भगवान कार्तिकेय के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट करते हैं। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती प्रदान करता है।

