मंडुवा, झंगोरा और चौलाई से बने उत्पादों की रही खूब मांग, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने दिखाई स्वरोजगार की राह
केएस असवाल गौचर। सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का समापन होने के बाद भी मेला मैदान में पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी का उत्साह देखने को मिला। मेले में मंडुवा, झंगोरा और चौलाई से तैयार खाद्य सामग्री लोगों की पहली पसंद बनी रही। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए उद्योग विभाग की ओर से लगाए गए स्टालों पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हुनर और उद्यमशीलता का परिचय दिया।
मेला मैदान में मां चंडिका महिला उद्यम समूह सिवाई की महिलाओं की ओर से तैयार मंडुवे, झंगोरे और चौलाई के बिस्कुट व नमकीन की खूब बिक्री हुई। वहीं, महिला फूड फेस्टिवल में पहाड़ी अनाज से तैयार पारंपरिक व्यंजनों का भी लोगों ने स्वाद लिया। स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों की रुचि ने यह साबित किया कि पहाड़ के पारंपरिक अनाज और खाद्य सामग्री को बाजार मिले तो ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना सकती हैं।
दूसरी ओर, मेले में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के दावों के बीच स्टाल आवंटन की व्यवस्था पर सवाल भी उठे। टीएफसी समूह थराली के अनिल थपलियाल ने कहा कि सरकार मेलों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए प्रोत्साहित कर रही है, लेकिन स्टालों की सीमित उपलब्धता के कारण कई स्थानीय उत्पादक इस अवसर से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आवेदकों की संख्या अधिक होने का हवाला देकर स्थानीय उत्पादकों को स्टाल आवंटित नहीं किए जा रहे हैं, जबकि बाहरी व्यापारियों को स्टाल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर स्टाल आवंटित करने की मांग की, ताकि मेलों का लाभ वास्तव में पहाड़ के उत्पादकों और ग्रामीण महिलाओं तक पहुंच सके।
