
हजारों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक पल के साक्षी, छह माह तक ऊखीमठ में होगी बाबा केदार की आराधना
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की उत्सव डोली के शीतकालीन प्रवास स्थल पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार की शीतकालीन पूजा विधि-विधान के साथ शुरू होगी। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
शुक्रवार को पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर की परंपराओं के अनुसार डोली को शीतकालीन गद्दी स्थल पर विराजमान कराया गया। इस अवसर पर केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। डोली के विराजमान होने के साथ ही अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर से संपन्न होगी।
इस अवसर पर रावल भीमाशंकर लिंग ने केदारनाथ धाम के प्रधान पुजारी गंगाधर लिंग के छह माह तक धाम में पूजा-अर्चना करने के संकल्प को पूर्ण करने की धार्मिक परंपरा भी संपन्न कराई। इस वर्ष यात्रा के दौरान 68 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। इससे शीतकालीन गद्दी स्थल की धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
केदारनाथ धाम की यात्रा निर्विघ्न संपन्न होने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला और केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने शासन-प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहित समाज, मंदिर समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न विभागों, व्यापारियों और स्थानीय जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष भी यात्रा का संचालन सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हुआ।
शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में शीतकालीन पूजा शुरू होने के साथ ही केदारघाटी में धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु अब शीतकाल में भी ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर दिल्ली के राम जीवन हलवाई की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इस मौके पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, डॉ. केदार लिंग, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पंकज भट्ट, उद्योगपति खुशहाल नेगी, मंदिर समिति सदस्य प्रह्लाद पुष्वाण, अंकित सेमवाल, शिव सिंह रावत, विनोद राणा, संतोष त्रिवेदी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

