
यात्रा सीजन में जमा प्लास्टिक कचरे का अब तक नहीं हुआ निस्तारण, हिमालयी पर्यावरण पर मंडरा रहा खतरा
लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ। उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यात्रा सीजन के दौरान तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की ओर से फैलाए गए कचरे का अब तक समुचित निस्तारण नहीं हो पाया है। पैदल मार्ग के आसपास बिखरी प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर और पालीथीन के ढेर हिमालयी पर्यावरण के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जाने वाले दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चोपता से तुंगनाथ धाम तक फैले पैदल ट्रैक पर कई स्थानों पर प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट खुले में पड़े हैं। यात्रा सीजन के दौरान हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही के चलते कूड़े की मात्रा लगातार बढ़ती रही। लेकिन यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद भी सफाई और कूड़ा निस्तारण को लेकर प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। प्रकृति की अनुपम सुंदरता और स्वच्छ वातावरण के लिए पहचान रखने वाले इस क्षेत्र में गंदगी का फैलना चिंता का विषय बना हुआ है।
हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशील पारिस्थितिकी को देखते हुए प्लास्टिक कचरे का खुले में पड़ा रहना गंभीर चिंता का विषय है। पालीथीन और प्लास्टिक लंबे समय तक नष्ट नहीं होते। इससे मिट्टी की गुणवत्ता, प्राकृतिक जलस्रोतों और वन्यजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। इसके बावजूद पैदल ट्रैक पर नियमित कूड़ा संग्रहण, वैज्ञानिक निस्तारण और निगरानी की व्यवस्था प्रभावी रूप से दिखाई नहीं दे रही है।
कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर ने कहा कि तुंगनाथ धाम और चोपता क्षेत्र की पहचान देश-विदेश में प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में है। हर साल यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुरूप स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाएं मजबूत नहीं की जा रही हैं। यात्रा सीजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण की बातें की जाती हैं, लेकिन सीजन समाप्त होते ही सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों की सक्रियता कम दिखाई देने लगती है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य कालीमठ विनोद राणा ने कहा कि चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगना चिंताजनक है। हिमालय की प्राकृतिक विरासत और स्वच्छता को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यात्रा सीजन में एकत्रित कूड़े का समय पर निस्तारण नहीं होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग सहित यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों से विशेष सफाई अभियान चलाने, प्लास्टिक कचरे को हटाने और नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ ही अपनी प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता के लिए भी विशेष पहचान रखता है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसके दूरगामी दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय करने और प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की भी मांग की।
वन विभाग का पक्ष नहीं मिल सका
इस संबंध में केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के रेंज अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।

