
गौचर मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, मुख्य द्वार की जर्जर हालत पर जताई नाराजगी
केएस असवाल गौचर। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को मेला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान मेले के मुख्य द्वार की जर्जर हालत पर उन्होंने नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री के गैरसैंण में आयोजित कार्यक्रम के बाद मेला मैदान पहुंचे जिलाधिकारी ने लेआउट, मंच, स्टॉल, प्रदर्शनी स्थल, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले आगंतुकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम ने अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन वाहन और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। साथ ही खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, वाटर एटीएम तथा वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों को मेले में पर्याप्त अवसर देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों और मेला समितियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा।
मुख्य द्वार की जर्जर हालत पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मेला मैदान के मुख्य द्वार का भी जायजा लिया। वर्षों पहले निर्मित यह द्वार वर्तमान में जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि मेले के सांस्कृतिक मंच को आकर्षक स्वरूप दिया गया है, लेकिन मुख्य द्वार की बदहाल स्थिति मेले की छवि को प्रभावित कर रही है। उन्होंने मुख्य मार्ग पर उन भवनों को अब तक ध्वस्त नहीं किए जाने पर भी संज्ञान लिया, जिनके स्वामियों को मुआवजा दिया जा चुका है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी एवं मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल सहित प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

