ऊखीमठ : ऊखीमठ युवा महोत्सव में लोक संस्कृति के रंगों ने बांधा समां, प्रतिभाओं ने बिखेरी छटा

Team PahadRaftar

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी और विधायक आशा नौटियाल ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन, लोकगीतों और लोकनृत्यों ने मोहा मन

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ब्लॉक सभागार ऊखीमठ में युवा कल्याण विभाग एवं प्रांतीय रक्षक दल के तत्वावधान में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक दलों, महिला मंगल दलों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी मुख्य अतिथि तथा केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत की मौजूदगी में आयोजित महोत्सव ने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया।

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि युवा महोत्सव ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और लोक कलाएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा निखारने के साथ सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि पहाड़ की लोक संस्कृति यहां के जनजीवन, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां इस बात का प्रमाण हैं कि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है।

राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि युवाओं में अपार प्रतिभा और ऊर्जा है। उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। वहीं, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने महिला मंगल दलों को ग्रामीण संस्कृति का संवाहक बताते हुए कहा कि महिलाएं लोकगीतों, लोकनृत्यों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से पारंपरिक विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।

महोत्सव में महिला मंगल दलों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जबकि स्कूली बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्योति बिष्ट ने बताया कि महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

खंड विकास अधिकारी अनुष्का ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का आभार जताया। प्रतियोगिताओं में हर्षवर्धन बेजवाल, प्रदीप सेमवाल, कविता भट्ट और दीपक जमलोकी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन चंद्र मोहन उखियाल और अरुण बुटोला ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, कार्तिकेय मंदिर समिति अध्यक्ष बिक्रम नेगी, युवा कल्याण परिषद सदस्य राकेश भंडारी, प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, सुभाष रावत, गजेंद्र चौधरी, दर्शनी पंवार, सरोज देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दलवीर नेगी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

युवा महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम

ऊखीमठ युवा महोत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे

1\. शास्त्रीय नृत्य

\- प्रथम स्थान – कु. संजना, एसपीवीएम ऊखीमठ।

2\. समूह लोकगीत

* प्रथम स्थान – महिला मंगल दल, ऊखीमठ।

* द्वितीय स्थान – आयुर्वेदिक फार्मेसी विद्यापीठ।

* तृतीय स्थान – महिला मंगल दल, फाफंज।

3\. नुक्कड़ नाटक

\- प्रथम स्थान – डॉ. जैक्सवीन स्कूल, गुप्तकाशी।

4\. सामूहिक लोकनृत्य

\- प्रथम स्थान – मध्यमहेश्वर घाटी कला मंच।

5\. भाषण प्रतियोगिता

* प्रथम स्थान – आयुष मैखण्डा।

* द्वितीय स्थान – तरुण, सरस्वती विद्या मंदिर ऊखीमठ।

* तृतीय स्थान – ईशांत त्रिवेदी, किमाणा।

6\. एकल लोकगीत

* प्रथम स्थान – प्रेरणा, महिला मंगल दल ऊखीमठ।

* द्वितीय स्थान – सानिध्य सेमवाल, जैक्सवीन स्कूल गुप्तकाशी।

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बदरीनाथ से सहस्त्रधारा आ रहा हेलीकॉप्टर हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त, छह लोग थे सवार

मुख्यमंत्री धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रवाना संजय कुंवर चमोली। बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपैड आ रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का सिविल हेलीकॉप्टर शुक्रवार को चमोली जिले के हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका […]

You May Like