गौचर : नवनियुक्त एलटी शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

Team PahadRaftar

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और दक्षता आधारित शिक्षण पर दिया जोर

केएस असवाल

गौचर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में नवनियुक्त एलटी ग्रेड शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रेरण अभिमुखीकरण प्रशिक्षण का समापन हो गया। समापन समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने शिक्षकों से बेहतर कार्य करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षकों को दक्षता आधारित शिक्षण और सीखने के प्रतिफलों पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों में विषयों की समझ विकसित होने के साथ उनके ज्ञान और कौशल में भी वृद्धि हो सके।

प्रशिक्षण के दौरान नवनियुक्त शिक्षकों को विद्यालयी शिक्षा की संरचना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (विद्यालयी शिक्षा)-2023, राज्य पाठ्यचर्या की रूपरेखा, शिक्षण पद्धतियों, आकलन और विद्यालय प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी गई। इसके साथ ही समय एवं कक्षा प्रबंधन, उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली, छात्रवृत्ति योजनाओं, अभिलेख संधारण, प्रश्नपत्र निर्माण, बाल-केंद्रित एवं अनुभवात्मक शिक्षण तथा विद्यालय संस्कृति और अनुशासन जैसे विषयों पर भी सत्र आयोजित किए गए।

प्रशिक्षण में समावेशी शिक्षा, जेंडर संवेदीकरण, विद्यालय सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, अभिभावक और सामुदायिक सहभागिता, डिजिटल शैक्षिक मंचों के उपयोग, नशामुक्ति तथा तनाव प्रबंधन जैसे विषयों को भी शामिल किया गया। विषय विशेषज्ञों ने शिक्षकों को विद्यालयी दायित्वों के प्रभावी निर्वहन और शिक्षण कार्य को अधिक उपयोगी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

समापन समारोह में डायट के वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली के प्रधानाचार्य देवदत्त शर्मा, वीरेंद्र सिंह कठैत, डॉ. कमलेश कुमार मिश्र, प्रमुख प्रशिक्षक प्रकाश चंद्र गैड़ी, वीरेंद्र मोहन तिवारी, सुमन भट्ट, गोपाल प्रसाद कपरूवान, रविंद्र सिंह बर्त्वाल और मृणाल जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक वचन जितेला ने किया।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : हेमकुंड साहिब के कपाट बंद, रिकॉर्ड 3.84 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

अंतिम अरदास और शबद-कीर्तन के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट संजय कुंवर  घांघरिया (चमोली)। सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब और पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शनिवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही […]

You May Like