
भाषण में कुमकुम, मॉडल में विपिन और क्विज में राधिका ने हासिल किया प्रथम स्थान
बोरागाड़। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बोरागाड़ में शनिवार को संकुल स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें संकुल के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाषण, मॉडल और क्विज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भाषण प्रतियोगिता में मेजबान विद्यालय की कुमकुम भंडारी ने 44 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रेन की दीपा, चौड़ के प्रियांशु और चोटिंग की विद्या ने 37-37 अंक के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
मॉडल प्रतियोगिता में रेन के कक्षा आठ के विपिन 34 अंक के साथ प्रथम रहे। बोरागाड़ की कक्षा सात की कुमकुम भंडारी और चोटिंग के कक्षा आठ के नवीन ने 33-33 अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। मानमती के अक्षय 30 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
क्विज प्रतियोगिता में रेन की राधिका ने 115 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। बोरागाड़ के जय प्रकाश 90 अंक के साथ दूसरे और मानमती की आराध्या 85 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
निर्णायक मंडल में दीपा बिष्ट, कल्पना पांडे, दीपा गाड़िया, सुमनलता, निमेष चौधरी और नरेंद्र बुटोला शामिल रहे। मेजबान विद्यालय के शिक्षक भी आयोजन में मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी विकासखंड स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव के लिए किया गया।

