चमोली : संस्कृत प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

Team PahadRaftar

ज्योतिर्मठ में खंडस्तरीय प्रतियोगिता, नाटक व समूहगान में संस्कृत महाविद्यालय ने मारी बाजी

संजय कुंवर

ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार की ओर से आयोजित खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता के तहत वरिष्ठ वर्ग की स्पर्धाएं गुरुवार को श्री बदरीनाथ वेद वेदांग संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय ज्योतिर्मठ में संपन्न हुईं। प्रतियोगिता में विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नाटक, समूहगान, समूह नृत्य, आशुभाषण, वाद-विवाद और श्लोकोच्चारण में प्रतिभा दिखाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगण, आचार्य भुवन चंद्र उनियाल और राकेश भंडारी ने दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। ऋषि प्रसाद सती ने संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और वैदिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगण ने कहा कि संस्कृत को जन-जन की भाषा बनाने से समाज में व्याप्त अनेक कुरीतियों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

खंड संयोजक अरविंद पंत ने बताया कि प्रतियोगिता में ज्योतिर्मठ खंड के विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

नाटक और समूहगान में संस्कृत महाविद्यालय प्रथम

नाटक और समूहगान दोनों स्पर्धाओं में संस्कृत महाविद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया। नाटक में उत्तरमध्यमा विद्यालय दूसरे स्थान पर रहा। समूहगान में उत्तरमध्यमा विद्यालय द्वितीय और पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज तृतीय रहा।

संस्कृत समूह नृत्य में बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज बड़गांव द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज तपोवन तृतीय रहा। वाद-विवाद में संस्कृत महाविद्यालय के मनीष डिमरी और अमन सेमवाल प्रथम तथा उत्तरमध्यमा विद्यालय के दिव्यांशु और रोहन द्वितीय रहे। आशुभाषण में कृष्णा तिवारी प्रथम और सौरभ जोशी द्वितीय रहे। श्लोकोच्चारण में मनीष डिमरी प्रथम और दीपेश मैखुरी द्वितीय रहे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ आचार्य श्रीकृष्ण मैठाणी, दाताराम बड़थ्वाल, रेखा साह, नीरज कोटवाल, विमल पुरोहित, उपासना, सरिता, पुष्पा कप्रवान, प्रदीप पुरोहित समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। संचालन डॉ. आशीष भट्ट, जगदीश जोशी और डॉ. मनीष ने किया।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गर्भगृह में विराजी मां नंदा की देवडोलियां, बड़ी जात यात्रा संपन्न

गर्भगृह में विराजी मां नंदा की देवडोलियां, बड़ी जात यात्रा संपन्न कुरुड़ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दशोली और बंड की नंदा डोलियों की प्रतिष्ठा, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर नंदानगर/ चमोली : मां नंदा की बड़ी जात यात्रा में शामिल दशोली और बंड की देवडोलियां गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठान […]

You May Like