18 हजार फीट की ऊंचाई पर दौड़ का लक्ष्य, ‘रन फॉर ग्रीन’ अभियान से देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संजय कुंवर
संवाददाता, जोशीमठ। उच्च हिमालयी क्षेत्र के दुर्गम माणा (डुंगरी ला ) पास को दौड़कर पार करने के लिए सिक्किम के तीन सीनियर मैराथन धावक चमोली पहुंच गए हैं। ‘माणा पास मैजिकल-3 रन’ अभियान के तहत रुद्रप्रयाग से शुरू हुआ दल बुधवार को बदरीनाथ धाम के मूसापानी इनर लाइन क्षेत्र पहुंचा। अब यहां से दल माणा पास की ओर रवाना होगा।

सिक्किम गंगटोक फॉरेस्ट के वनपाल एवं अल्ट्रा मैराथन धावक अनुप ज्योति बनिया के नेतृत्व में भूपेंद्र हंग सुब्बा और बसंत प्रधान इस अभियान में शामिल हैं। करीब 18 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित माणा पास तक दौड़ के दौरान कम ऑक्सीजन, ठंड और कठिन भूभाग दल की परीक्षा लेंगे।
अभियान को ‘रन फॉर ग्रीन’ से जोड़ा गया है। धावक उच्च हिमालयी क्षेत्र में दौड़ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हिमालय को स्वच्छ रखने का संदेश दे रहे हैं।
जोशीमठ में हुआ स्वागत
जोशीमठ पहुंचने पर नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवाण की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने टीसीपी फॉरेस्ट चेक पोस्ट पर तीनों धावकों का स्वागत किया। इस दौरान दल को माणा पास अभियान के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
पहले भी दर्ज करा चुके हैं रिकॉर्ड
दल के अगुवा अनुप ज्योति बनिया लंबी दूरी की दौड़ के लिए पहचान रखते हैं। उनके नेतृत्व में टीम श्रीनगर से खारदुंग ला तक अत्यधिक ऊंचाई वाले मार्ग पर मैराथन पूरी कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुकी है। अब माणा पास अभियान के जरिए दल एक नई चुनौती पूरी करने की तैयारी में है।
