11 हजार फीट की ऊंचाई पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ग्रामीण भी बने सहभागी
केएस असवाल
गौचर/चमोली। सीमांत क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी गौचर ने नीति घाटी स्थित तिम्मरसैंण महादेव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। समुद्र तल से करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर को स्थानीय स्तर पर ‘छोटा अमरनाथ’ कहा जाता है।

अभियान में स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधे रोपे गए। आईटीबीपी जवानों के साथ ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान सेनानी मनोहर सिंह रावत ने ग्रामीणों से संवाद कर पौधों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र की सुरक्षा जितना महत्वपूर्ण है।
आईटीबीपी ने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा के साथ हिमवीर सीमांत क्षेत्रों में नागरिक कल्याण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के अभियानों के जरिए स्थानीय समुदाय के साथ निरंतर जुड़ाव बनाए हुए हैं।

