चमोली : बीकेटीसी बोर्ड बैठक में द्वितीय चरण की यात्रा पर जोर, कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

Team PahadRaftar

बीकेटीसी बोर्ड बैठक में द्वितीय चरण की यात्रा पर जोर, कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

संजय कुंवर ऋषिकेश/ चमोली : श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक शनिवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप कार्यालय में अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में द्वितीय चरण की बदरीनाथ-केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर मंथन किया गया। साथ ही मंदिरों के जीर्णोद्धार, सुरक्षा, वेबसाइट के आधुनिकीकरण और चढ़ावे की गणना में पारदर्शिता समेत कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक की शुरुआत भगवान बदरीविशाल और बाबा केदार की स्तुति से हुई। इसके बाद पिछली बैठक की कार्यवाही की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा की गई। अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा ऐतिहासिक रही है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब समेत चारधाम में अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में 32 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं, चारधाम यात्रा के लिए 60 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। बदरीनाथ धाम में अब तक 17,22,908 और केदारनाथ धाम में 14,92,047 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

इन प्रस्तावों पर लगी मुहर

मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बैठक में एजेंडा रखा। इसमें द्वितीय चरण की यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, यात्रा की मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने, बीकेटीसी की वेबसाइट का आधुनिकीकरण और धामों व अधीनस्थ मंदिरों में सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई।

चढ़ावे की गणना में पारदर्शिता बढ़ाने, गुप्तकाशी स्थित संस्कृत महाविद्यालय का नाम दिवंगत बीकेटीसी सदस्य श्रीनिवास पोस्ती के नाम पर रखने, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के जीर्णोद्धार के दूसरे चरण, तुंगनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार और त्रिजुगीनारायण मंदिर को विवाह गंतव्य के रूप में विकसित करने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए।

कर्मचारियों के मुद्दों पर भी मंथन

बैठक में अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण, समान कार्य-समान वेतन, स्थायी कर्मचारियों की पदोन्नति और असमय दिवंगत अस्थायी कर्मचारियों के स्वजन को आर्थिक सहायता देने पर भी चर्चा हुई। सेवानिवृत्ति की आयु पूरी करने वाले ऐसे कार्मिकों को एकमुश्त राशि देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

इसके अलावा सीता माता मंदिर चांई के जीर्णोद्धार, हक-हकूकधारियों और दस्तूरधारियों के आवेदनों, भीड़ प्रबंधन के लिए विषय विशेषज्ञों की सहायता, कर्मचारी सेवा नियमावली में आवश्यक संशोधन और वेद-संस्कृत महाविद्यालय खोलने समेत अन्य प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।

बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवान, सदस्य नीलम पुरी, राजपाल सिंह जड़धारी, महेंद्र शर्मा, दिनेश डोभाल, विनीत पोस्ती, प्रहलाद पुष्पवान, देवी प्रसाद दैवली, राजेंद्र डिमरी, धीरज पंचभैया, राकेश भंडारी, कमला बगवाड़ी, जेपी सेमवाल, राजकुमार तिवारी, रजनीश भट्ट सहित मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : रामणी में नंदा डोलियों का हुआ मिलन, भावुक हुए श्रद्धालु; 50 से अधिक छंतोलियां बनीं आकर्षण

रामणी में नंदा डोलियों का हुआ मिलन, भावुक हुए श्रद्धालु; 50 से अधिक छंतोलियां बनीं आकर्षण पहाड़ रफ्तार गोपेश्वर। मां नंदा की बड़ी जात यात्रा के नौवें दिन शनिवार को रामणी गांव आस्था के रंग में रंग गया। बंड और दशोली-कुरुड़ की नंदा डोलियों के साथ बंड, फर्स्वाण फाट, क्षेत्रपाल […]

You May Like