ऊखीमठ : 15 साल बाद हुआ भगवती चामुंडा-जाखराजा का ऐतिहासिक मिलन

Team PahadRaftar

बुरुवा से भावुक विदाई के बाद गडगू में हुआ रात्रि प्रवास, गुरुवार को गिरीया पहुंचेगी दिवारा यात्रा

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। मद्महेश्वर घाटी में चल रही भगवती चामुंडा की दिवारा यात्रा बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच बुरुवा गांव से विदा होकर गडगू पहुंची। यहां 15 वर्षों बाद भगवती चामुंडा और जाखराजा का ऐतिहासिक मिलन हुआ। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अवसर के साक्षी बनने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गडगू पहुंचे।

बुरुवा गांव में भगवती चामुंडा को विदाई देने के दौरान ग्रामीणों और धियाणियों की आंखें नम हो गईं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और मां के जयकारों के बीच ग्रामीणों ने सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए देवी को अगले पड़ाव के लिए विदा किया।

इसके बाद दिवारा यात्रा गडगू गांव पहुंची। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवती चामुंडा का स्वागत किया। गडगू में पूजा-अर्चना के दौरान भगवती चामुंडा और जाखराजा के मिलन का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। डेढ़ दशक बाद हुए इस मिलन को ग्रामीणों ने धार्मिक आस्था के साथ ही क्षेत्र की लोक संस्कृति और देव परंपरा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

दिवारा यात्रा के चलते इन दिनों पूरी मद्महेश्वर घाटी भक्तिमय बनी हुई है। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवती का स्वागत कर रहे हैं। इससे गांवों में उत्सव जैसा माहौल है और क्षेत्र की सदियों पुरानी देव परंपराएं जीवंत होती नजर आ रही हैं।

गिरीया के बाद ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी यात्रा

गडगू में रात्रि प्रवास के बाद गुरुवार को भगवती चामुंडा की दिवारा यात्रा गिरीया गांव पहुंचेगी। दिवारा यात्रा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी ने बताया कि गिरीया के बाद यात्रा मनसूना, फापज, पाली और सरूणा गांवों का भ्रमण करेगी। इसके बाद यात्रा भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। ऊखीमठ भ्रमण के बाद दिवारा यात्रा तुंगनाथ घाटी में प्रवेश करेगी।

इस अवसर पर आचार्य राजेंद्र प्रसाद देवशाली, सत्यानंद भट्ट, अनूप भट्ट, अमित भट्ट, मदन भट्ट, सरिता नेगी, पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह धिरवाण, वन पंचायत सरपंच माणिक लाल, राकेश धिरवाण, रघुवीर सिंह नेगी, समिति संरक्षक कृपाल सिंह राणा, सलाहकार त्रिलोक सिंह रावत, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह तिन्दोरी, सचिव कीरत सिंह राणा, सह सचिव राजेंद्र सिंह राणा, कोषाध्यक्ष योगंबर सिंह रावत समेत बुरुवा, गैड़ और गडगू के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर में खेल महाकुंभ का आगाज, बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

गौचर में खेल महाकुंभ का आगाज, बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम केएस असवाल गौचर :  न्याय पंचायत झिरकोटी के अंतर्गत खेल महाकुंभ का बुधवार को गौचर खेल मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत बालिका वर्ग की अंडर-14 और अंडर-17 स्पर्धाओं से हुई। खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में […]

You May Like