केएस असवाल, गौचर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व गौचर क्षेत्र में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा और सहयोग का संकल्प लिया।

रक्षा बंधन के मौके पर घर-परिवार में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। लोगों ने अपने इष्ट देवताओं की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालु मंदिरों में भी पहुंचे और पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया।

इसके बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधी। भाइयों का मुंह मीठा कराने के बाद बहनों ने उनके सुखी और दीर्घ जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।
घर लौटे प्रवासी, परिवारों में लौटी रौनक
रक्षा बंधन पर्व की खासियत यह भी रही कि रोजगार और अन्य कारणों से गांवों से बाहर रह रहे कई लोग भाई-बहनों से मिलने के लिए घर लौटे। लंबे समय बाद परिवार के सदस्यों के एक साथ जुटने से घरों में विशेष रौनक देखने को मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी यह पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और पारिवारिक संस्कारों के साथ मनाया जाता है।
बाजारों में रही चहल-पहल
पर्व को लेकर गौचर के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। बहनों ने भाइयों के लिए पसंद की राखियां खरीदीं, वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
रक्षा बंधन जैसे पर्व न केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों के महत्व से भी जोड़ते हैं।

