जोशीमठ : बड़ागांव में SIR के 97 प्रतिशत नोटिसों पर हुई सुनवाई

Team PahadRaftar

तहसीलदार की मौजूदगी में शिविर लगाकर दावों का किया निस्तारण, बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर तहसील प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायत स्तर पर सुनवाई शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज बड़ागांव में आयोजित शिविर में तहसीलदार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में SIR से संबंधित नोटिसों पर सुनवाई की गई। शिविर में करीब 97 प्रतिशत नोटिसों का निस्तारण किया गया।

शिविर में तहसीलदार मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ महेंद्र आर्य, राजस्व विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय पटवारी और बीएलओ मौजूद रहे। SIR के तहत नोटिस प्राप्त ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कीं। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के बाद मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया।

ग्राम प्रधान बीना देवी ने कहा कि शिविर के आयोजन से उन ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली, जिन्हें विभिन्न कारणों से SIR के नोटिस जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण जरूरी है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज रहे और वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

तहसीलदार महेंद्र आर्य ने ग्रामीणों को SIR के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इससे पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित होती है।

बड़ागांव के बीएलओ प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत में करीब 188 लोगों को SIR के नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से करीब 97 प्रतिशत नोटिसों पर सोमवार को शिविर में सुनवाई पूरी कर ली गई। उन्होंने बताया कि शेष मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जागरूकता पर जोर

शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराने की अपील की।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : भटवाड़ी के बडेथ तोक में फिर सक्रिय हुआ भूस्खलन, एक मकान व पांच गौशालाएं खतरे में

तीन परिवार पहले हो चुके हैं विस्थापित, दायरा बढ़ा तो 10 परिवारों पर मंडरा सकता है खतरा; राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने किया निरीक्षण लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भटवाड़ी के बडेथ तोक में बरसात के बीच भूस्खलन एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भूस्खलन […]

You May Like