ऊखीमठ : पैतृक गांव मणिगुह पहुंचे राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट, नागरिक अभिनंदन में उमड़ा जनसैलाब

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। उत्तराखंड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट के अपने पैतृक गांव मणिगुह पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। लंबे समय बाद गांव पहुंचे राज्यमंत्री के स्वागत को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह नजर आया। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट के सम्मान में शहीद दरवान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज मणिगुह में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।

इस दौरान क्षेत्र पंचायत प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी ने कहा कि मणिगुह की माटी से जुड़े व्यक्ति को महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से क्षेत्रवासियों में गौरव की अनुभूति हुई है। प्रधान माणिक लाल ने कहा कि अपने पैतृक गांव में सम्मानित होना किसी भी व्यक्ति के लिए विशेष गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश भट्ट ने क्षेत्रवासियों के साथ हमेशा आत्मीय संबंध बनाए रखे हैं।

विकास कार्यों की उठी मांग

नागरिक अभिनंदन के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की शिक्षा, सड़क, पेयजल, रोजगार समेत विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे राज्यमंत्री के समक्ष रखे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वह अपने प्रभाव और दायित्व का उपयोग करते हुए पहाड़ी क्षेत्रों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करेंगे।

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सत्यपाल नेगी ने कहा कि मणिगुह जैसे पहाड़ी गांव से निकलकर सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण दायित्व हासिल करना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यमंत्री पहाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मातृभूमि से रिश्ता हमेशा रहेगा कायम

राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट ने नागरिक अभिनंदन के लिए क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार और सामाजिक संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मणिगुह उनके लिए केवल पैतृक गांव नहीं, बल्कि भावनाओं और स्मृतियों से जुड़ी धरती है। पैतृक गांव और मातृभूमि से उनका आत्मीय रिश्ता हमेशा कायम रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

राज्यमंत्री के गांव पहुंचने और नागरिक अभिनंदन से मणिगुह का माहौल उत्सवमय बना रहा। समारोह में प्रधान मालखी संदीप सिंह, भटवाड़ी अमित नेगी, वन पंचायत सरपंच बचन सिंह रावत, प्रधानाचार्य गोविंद सिंह नेगी, निजी सचिव वेद प्रकाश गौड़, सतीश भट्ट, गिरीश भट्ट, गजेंद्र सिंह नेगी, श्रवण कुमार भट्ट, बलवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : देवरिया ताल विकास महोत्सव को लेकर बैठक, उप समिति का गठन; देवेंद्र अध्यक्ष और दिनेश महामंत्री

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। प्रकृति की अनुपम छटा के बीच स्थित देवरिया ताल के समग्र विकास और आगामी देवरिया ताल विकास महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में […]

You May Like