लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। प्रकृति की अनुपम छटा के बीच स्थित देवरिया ताल के समग्र विकास और आगामी देवरिया ताल विकास महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन, व्यवस्थाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से देवरिया ताल विकास महोत्सव उप समिति का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी देवेंद्र प्रसाद को सौंपी गई, जबकि दिनेश को महामंत्री बनाया गया। समिति में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है, ताकि महोत्सव की तैयारियों को व्यापक जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि देवरिया ताल क्षेत्र की प्राकृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहचान है। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में स्थानीय प्रतिभाओं, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और लोक कलाकारों को भी पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।
पूर्व प्रधान संदीप पुष्वाण ने कहा कि देवरिया ताल विकास महोत्सव क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। बैठक में महोत्सव के दौरान स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
नवनियुक्त समिति अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद और महामंत्री दिनेश ने कहा कि समिति सभी संबंधित लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर महोत्सव की तैयारियों को गति देगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग और सक्रिय सहभागिता की अपील की।
बैठक में महोत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय करने और आयोजन को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने देवरिया ताल के विकास एवं संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
उप समिति में इन्हें मिली जिम्मेदारी
संरक्षक: कुब्जा धर्म्वाण, अध्यक्ष नगर पंचायत
संयोजक: प्रीति पुष्वाण, जिला पंचायत सदस्य
सह संयोजक: प्रकाश रावत, महामंत्री त्रिदिवसीय मद्महेश्वर मेला
अध्यक्ष: देवेंद्र प्रसाद
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: बसंती रावत, जिला अध्यक्ष गुरिल्ला संगठन
उपाध्यक्ष: सुलेखा त्रिवेदी, सरला रावत, प्रदीप धर्म्वाण, मनवर सिंह नेगी, बलवीर सिंह पंवार, प्रदीप त्रिवेदी, सुलेखा देवी, चंद्र मोहन उखियाल, नंदराम सेमवाल, अनीता पुष्वाण और मीरा देवी।
सचिव: रविंद्र पटवाल
सह सचिव: देवेंद्र रावत
कोषाध्यक्ष: दलवीर रावत
महामंत्री: दिनेश
मीडिया प्रभारी: साक्षी नेगी
