लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर ऊखीमठ क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शनिवार को लगातार बारिश के बीच सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्कूली बच्चों ने झमाझम बारिश के बीच नगर के प्रमुख बाजारों में प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया।

ऊखीमठ में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी अमर शहीद अशोक कैशिव तथा तहसील परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यालयों में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
विकासखंड मुख्यालय में क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। नगर पंचायत परिसर में अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर अपने विचार रखे।

कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनंद सिंह रावत और गुरिल्ला संगठन की जिलाध्यक्ष बसंती रावत ने पंजाब नेशनल बैंक की शाखाओं में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
तुंगनाथ और त्रियुगीनारायण में भी मनाया स्वतंत्रता दिवस
हिमालय में सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित समाज और तीर्थ यात्रियों ने ध्वजारोहण कर देश के वीर शहीदों को नमन किया। वहीं भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण में भी स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
क्षेत्र के जीआईसी मालतोली, मयकोटी, चोपता, घिमतोली, जागतोली, चंद्रनगर, भणज, क्यूजा, कंडारा, मणिगुह, गणेशनगर, चंद्रापुरी, भीरी, परकंडी, पल्द्वाणी, मक्कू, दैड़ा, ऊखीमठ, मनसूना, राऊलैंक, रासी, कोटमा, बसुकेदार, ल्वारा, लम्बगौड़ी, खुमेरा, रामपुर और त्रियुगीनारायण समेत विभिन्न विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुए।
गुप्तकाशी के डॉ. जैक्सवीन इंटर कॉलेज, सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर और एवरग्रीन स्कूल सहित क्षेत्र के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। नगर पंचायत, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक समेत सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया।
बारिश के बावजूद बच्चों और स्थानीय लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नारों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया गया।
