
सफेद तारे जैसे फूल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, बर्फीली ढलानों पर खिलने वाला यह पुष्प साहस और शुद्धता का प्रतीक
संजय कुंवर, वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क। विश्व प्राकृतिक धरोहर फूलों की घाटी इन दिनों रंग-बिरंगे अल्पाइन हिमालयी पुष्पों की खुशबू से महक रही है। घाटी की प्राकृतिक सुंदरता के बीच यूरोप के आल्प्स पर्वत की पहचान और स्विट्जरलैंड का राष्ट्रीय पुष्प एडेलवाइस (Edelweiss) भी अपनी अनूठी छटा बिखेर रहा है। घाटी के स्यूं चंद क्षेत्र और अंदरूनी हिस्सों में चट्टानी ढलानों पर खिले सफेद तारे जैसे फूल प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
एडेलवाइस अपनी सफेद, रुई जैसी पंखुड़ियों और तारेनुमा आकार के लिए प्रसिद्ध है। इसका वैज्ञानिक नाम Leontopodium nivale है। यूरोप के आल्प्स क्षेत्र में यह फूल प्राकृतिक सौंदर्य के साथ साहस, प्रेम और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है। स्विट्जरलैंड में इसे पर्वतीय संस्कृति और पहचान से जोड़कर देखा जाता है, जबकि ऑस्ट्रिया में यह आल्प्स और पर्वत प्रेम का प्रतीक माना जाता है। स्लोवेनिया के पर्वतीय क्षेत्रों में भी इसकी विशेष पहचान है। रोमानिया में इसे Floare de colț नाम से जाना जाता है।
माइनस 30 डिग्री में भी खिलने की क्षमता
एडेलवाइस की खासियत यह है कि यह बेहद कठोर पर्वतीय परिस्थितियों में भी जीवित रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ और अत्यधिक ठंड के बीच इसकी मौजूदगी इसे खास बनाती है। यही कारण है कि इसे साहस और शुद्धता से जोड़कर देखा जाता है।
फूलों की घाटी के स्यूं चंद रिवर व्यू प्वाइंट रूट समेत घाटी के पथरीले और चट्टानी हिस्सों में इन दिनों एडेलवाइस के पौधे आसानी से नजर आ रहे हैं। देशी पर्यटकों के साथ ही जर्मनी, ऑस्ट्रिया, स्विट्जरलैंड, इटली और स्लोवेनिया से आने वाले प्रकृति प्रेमी इस पुष्प को देखने में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
हिमालय और आल्प्स की पुष्पीय समानता का अद्भुत उदाहरण
भ्यूंडार घाटी के स्थानीय प्रकृति विज्ञानी रघुवीर सिंह चौहान और उमेश चौहान तथा ईडीसी भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान बताते हैं कि फूलों की घाटी की जैव विविधता बेहद समृद्ध है। यहां हिमालयी अल्पाइन पुष्पों के साथ दुनिया के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले पुष्पों की समानता भी देखने को मिलती है। एडेलवाइस इसका सुंदर उदाहरण है।
उनका कहना है कि फूलों की घाटी प्रकृति प्रेमियों के साथ वनस्पति विज्ञानियों और शोधकर्ताओं के लिए भी किसी प्रयोगशाला से कम नहीं है। यहां हर मौसम में बदलती पुष्प प्रजातियां हिमालय की समृद्ध जैव विविधता की कहानी बयां करती हैं। यही विविधता फूलों की घाटी को दुनिया भर के प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाती है।
