गधेरे के पास मिला जीवित नवजात, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
रागतोली गांव के समीप मिला लावारिस शिशु, मामले की जांच शुरू
गिरीश चंदोला गोपेश्वर : चमोली जिले के दशोली विकासखंड के रांगतोली गांव के समीप गुरुवार सुबह एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने रागतोली गांव के पास गधेरे की ओर से नवजात के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा है। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि रागतोली गधेरे के पास एक नवजात शिशु मिला है। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।

