
दुकान से चुराए ₹10,100 और बैंक पासबुक बरामद, कई जिलों में दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
केएस असवाल कर्णप्रयाग (चमोली)। गौचर बाजार स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी और बैंक पासबुक चोरी करने की घटना का कर्णप्रयाग पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने करीब 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई ₹10,100 नकदी और पंजाब नेशनल बैंक की पासबुक बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिरण निवासी भूपेन्द्र सिंह नेगी ने 30 जुलाई को कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि गौचर स्थित उनकी ‘मसूरी कंगन स्टोर’ का ताला तोड़कर 28 जुलाई की रात अज्ञात चोर गल्ले से करीब ₹15 हजार नकदी और बैंक पासबुक चोरी कर ले गया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गौचर बाजार में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज में रात तीन से चार बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान के आसपास दिखाई दिया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पुलिस ने 30 जुलाई की शाम गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर के पास संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से ₹10,100 नकद और चोरी की गई पीएनबी की पासबुक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महावीर सिंह रावत (37 वर्ष) पुत्र मदन सिंह रावत, निवासी ग्राम पुंडोली, थाना घनसाली, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शातिर चोर है और उसके खिलाफ देहरादून, टिहरी तथा पौड़ी जनपद के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी गौचर उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखंडी, हेड कांस्टेबल अशोक रावत और कांस्टेबल सुशील शामिल रहे।

