चमोली : बहुगुणानगर के 35 से अधिक परिवार विस्थापन को तैयार, डीएम ने पुनर्वास में तेजी के दिए निर्देश

Team PahadRaftar

बहुगुणानगर के 35 से अधिक परिवार विस्थापन को तैयार, डीएम ने पुनर्वास में तेजी के दिए निर्देश

केएस असवाल, कर्णप्रयाग : कर्णप्रयाग के आपदा प्रभावित बहुगुणानगर और सुभाष नगर क्षेत्र में विस्थापन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भवनों की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से संवाद कर पुनर्वास, मुआवजा एवं विस्थापन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बैठक में 35 से अधिक प्रभावित परिवारों ने स्वेच्छा से विस्थापन के लिए सहमति जताई।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल को विस्थापन संबंधी सभी बिंदुओं की विस्तृत आख्या एक दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार बहुगुणानगर में 38 परिवारों के 39 भवन प्रभावित हैं। इनमें से चार परिवारों को पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से विस्थापन के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा लगभग ₹50 करोड़ की लागत से किए जा रहे सुरक्षा एवं उपचार कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि माइक्रो पाइल, सेल्फ ड्रिलिंग एंकर, छह मीटर ऊंची व लगभग 150 मीटर लंबी आरसीसी सुरक्षा दीवार तथा ओपन चैनल सहित विभिन्न सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को क्षेत्र में बंद पड़े सभी स्क्रबर तत्काल खोलने तथा वर्षाजल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों को ऐसे परिवारों का सत्यापन कर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिन्हें तुरंत स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता है।

इससे पहले तहसील सभागार कर्णप्रयाग में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को भवनों के मूल्यांकन के आधार पर प्रस्तावित मुआवजा राशि की जानकारी दी और पुनर्वास प्रक्रिया की रूपरेखा समझाई। निरीक्षण एवं बैठक में उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रभावित परिवार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : वित्तीय आवंटन और सोलर लाइट खरीद पर बवाल, थराली क्षेत्र पंचायत की बैठक स्थगित

गिरीश चंदोला थराली। राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग की धनराशि के आवंटन में कथित भेदभाव और सोलर स्ट्रीट लाइटों की खरीद में अनियमितता के आरोपों को लेकर मंगलवार को थराली क्षेत्र पंचायत की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले विरोध और नारेबाजी के बाद […]

You May Like