चमोली : हेमकुंट साहिब रोपवे का उल्लेख करने पर ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री का जताया आभार

Team PahadRaftar

परियोजना शीघ्र शुरू करने की मांग, बोले- लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित और सुगम यात्रा

संजय कुंवर गोविंदघाट (चमोली)। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना का उल्लेख किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया है। ट्रस्ट ने इसे श्रद्धालुओं की सुविधा और सिख समुदाय की आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को मिली प्राथमिकता बताया है।

ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना को बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। साथ ही कहा कि यह परियोजना हिमालयी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति देगी।

ट्रस्ट ने केंद्र और उत्तराखंड सरकार से गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक प्रस्तावित 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया है। ट्रस्ट का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने से प्रतिवर्ष हेमकुंट साहिब पहुंचने वाले करीब तीन लाख श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और कम समय में यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।

ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना का उल्लेख संगत के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि यह केवल आधारभूत संरचना की परियोजना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सरकार से निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया, ताकि संगत को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

ट्रस्ट ने कहा कि वह परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे हेमकुंट साहिब यात्रा की गरिमा और पवित्रता बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के लिए चमोली से 42 सदस्यीय दल रवाना

पर्यटन, स्वरोजगार और विकास मॉडल का करेगा अध्ययन, सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी गोपेश्वर। संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर संस्कृति विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत चमोली जिले से 42 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को विशेष अध्ययन यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा 13 से […]

You May Like