
पर्यटन, स्वरोजगार और विकास मॉडल का करेगा अध्ययन, सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी
गोपेश्वर। संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर संस्कृति विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत चमोली जिले से 42 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को विशेष अध्ययन यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा 13 से 19 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।

गोपेश्वर बस स्टेशन से राज्य मंत्री हरक सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया। दल में दुकानदार, स्ट्रीट वेंडर, मार्केट एसोसिएशन के सदस्य तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, एमएसएमई और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, पर्यटन मॉडल और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि यात्रा से प्राप्त अनुभवों के आधार पर चमोली में पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी।
यात्रा के नोडल अधिकारी एवं जिला भेषज संघ के सचिव विवेक मिश्रा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल 13 जुलाई को देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू करेगा और 19 जुलाई को वापस देहरादून पहुंचेगा।
यात्रा दल को रवाना करने के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, चंद्रकला बिष्ट, सुशीला सेमवाल, गीता बिष्ट, शांति प्रसाद नौटियाल, संजय कुमार, विक्रम बर्त्वाल, पवन राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
