
संजय कुंवर गोपेश्वर। श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की थाली भेंट की धनराशि में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच के बाद मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार देर रात देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आठ जुलाई को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर देकर बताया था कि दो जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की शिकायत मिलने पर विभागीय जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा गणना कक्ष से मंदिर की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को निजी हित में ले जाने की पुष्टि होने पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए तथा दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत परीक्षण किया गया।
जांच में पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कई बार गणना कक्ष से मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर और जेब में रखकर धनराशि व अन्य भेंट सामग्री बाहर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रुपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट अपने कब्जे में लिया।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद रविवार रात करीब 10 बजे आरोपी को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
चमोली पुलिस ने कहा कि बदरीनाथ धाम जैसे राष्ट्रीय आस्था केंद्र से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
