चमोली : नारायणबगड़ में दीवार गिरने से प्रभारी चिकित्साधिकारी की मौत

Team PahadRaftar

क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण करते समय हुआ हादसा, हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

गिरीश चंदोला नारायणबगड़ (चमोली)। चमोली जिले के नारायणबगड़ में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत हो गई। वह अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में गंभीर रूप से घायल डॉ. डिमरी को अस्पताल कर्मियों ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से नारायणबगड़ क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सहज व्यवहार और सेवा भावना के कारण वे लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने भी उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त दीवार की चपेट में आने से डॉ. नवीन डिमरी का निधन हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने एक समर्पित और कर्मठ चिकित्सक को खो दिया है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गैरसैंण में बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, 521 मरीजों ने कराई जांच

गैरसैंण में बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, 521 मरीजों ने कराई जांच 81 अल्ट्रासाउंड, 58 एक्स-रे और 89 रक्त जांच की गईं, विशेषज्ञों ने दिया परामर्श केएस असवाल गैरसैंण (चमोली)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के तहत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर […]

You May Like