
दो महीने से लापता युवक को ट्रस्ट और पुलिस ने खोज निकाला, परिजनों ने जताया आभार
जसपाल नेगी पौड़ी : चौथान क्षेत्र का 25 वर्षीय युवक, जो नौकरी की तलाश में नोएडा गया था और पिछले दो महीने से परिजनों के संपर्क में नहीं था, उसे स्व. राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट ने पुलिस की मदद से हरियाणा से सकुशल खोज निकाला। युवक के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए ट्रस्ट और पुलिस का आभार जताया।
परिजनों के अनुसार युवक करीब दो वर्ष पहले रोजगार के लिए नोएडा गया था। शुरुआत में वह नियमित रूप से परिवार के संपर्क में था, लेकिन पिछले दो महीने से उसका मोबाइल बंद आने लगा और उससे कोई बात नहीं हो सकी। काफी प्रयास के बावजूद जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने स्व. राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट से सहायता मांगी।
ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय रावत ने बताया कि सूचना मिलने के बाद ट्रस्ट की टीम ने पुलिस के सहयोग से युवक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद युवक को हरियाणा से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों की चिंता दूर हो गई और उन्होंने ट्रस्ट की पहल की सराहना की।
विजय रावत ने कहा कि ट्रस्ट स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मामलों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करना ट्रस्ट का उद्देश्य है और भविष्य में भी यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

