जसपाल नेगी पौड़ी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय पौड़ी में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के 50,404 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए जिलेभर में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। वहीं, बस अड्डों, बाजारों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांजिट टीमें और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि जो बच्चे रविवार को बूथों तक नहीं पहुंच सके, उन्हें अगले दो से तीन दिनों तक एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करने और प्रत्येक बच्चे को ‘दो बूंद जिंदगी की’ जरूर पिलाने की अपील की।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर पीएमएस जिला चिकित्सालय डॉ. एलडी सेमवाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमित मेहरा, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार, एएनएम विधि भंडारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
