
अपराध समीक्षा बैठक में लंबित विवेचनाओं पर जताई नाराजगी, 17 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
जसपाल नेगी पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ई-एफआईआर दर्ज करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों के पंजीकरण में कोताही बरतने वाले थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। विवेचनाओं के लंबित रहने पर उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
एसएसपी ने जिले की सभी फायर यूनिटों को अपने-अपने क्षेत्रों में कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, कार्यालयों, वेडिंग प्वाइंट्स, होटलों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए।
बैठक के दौरान मई माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, प्रतिसार निरीक्षक अनूप काला, अभियोजन अधिकारी जावेद अहमद, क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

