
पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता पर्यटक की तलाश तेज, सात टीमें कर रहीं सर्च
कपकोट। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए उत्तर प्रदेश के शामली निवासी पर्यटक अभिषेक चौहान की तलाश में बागेश्वर पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सात टीमों को लगाया गया है, जो लगातार खोजबीन में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय अभिषेक चौहान 28 मई को पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों की तहरीर पर पहले गुमशुदगी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 12 जून को थाना कपकोट में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में गठित सात टीमें पिंडर नदी के किनारों, गहरी खाइयों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। खोज अभियान में आधुनिक ड्रोन कैमरों और दूरबीनों की भी सहायता ली जा रही है।
शनिवार को वाछम पुल से सोराग पुल तक नदी किनारे, प्राकृतिक गुफाओं और अन्य संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस स्थानीय ग्रामीणों, पशुपालकों और ट्रैकिंग गाइडों से भी पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पर्यटक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिलती, तब तक सर्च अभियान जारी रहेगा।

