
चमोली : चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि बाइक सवार यात्रियों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस विभाग और एआरटीओ को निर्देश दिए कि पीपलकोटी, हाथीपहाड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया जाए तथा यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को यात्रा मार्ग पर स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों और स्थानीय लोगों को ईंधन की कमी से जूझना न पड़े, इसके लिए नियमित निरीक्षण किया जाए।
बैठक में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा बदरीनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई और पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, यात्रा मजिस्ट्रेट तीरथ पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मानसून से पहले पूरी हों तैयारियां
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय स्तर पर पूरी तैयारी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।

