
सोमनाथ से शुरू की जनजागरण यात्रा, पंचकेदार और बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौटेंगे घर
लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ : गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश लेकर गुजरात के सोमनाथ से निकले दो युवा साइकिल यात्री सोमवार को कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंच गए। करीब पांच हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर धाम पहुंचे युवाओं का कार्तिकेय मंदिर समिति, स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया।
गुजरात के सोमनाथ निवासी 20 वर्षीय सियाल निकुल और जगदीश ने बताया कि उन्होंने 14 फरवरी से इस विशेष साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। यात्रा का उद्देश्य गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति के संवर्धन और धार्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है। दोनों युवा विभिन्न राज्यों और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए लोगों को गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
कार्तिक स्वामी धाम पहुंचने पर दोनों युवाओं ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित कार्तिक स्वामी तीर्थ आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है और यहां पहुंचकर उन्हें विशेष आत्मिक शांति का अनुभव हुआ।
युवाओं ने बताया कि कार्तिक स्वामी धाम के दर्शन के बाद वे पंचकेदार यात्रा पर रवाना होंगे। इसके बाद भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। उनका कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देने का माध्यम भी है।
कार्तिकेय मंदिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी और सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह नेगी ने युवाओं के साहस, दृढ़ संकल्प और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में ऐसे प्रयास युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं।
इस दौरान तीर्थ में मौजूद श्रद्धालुओं और यात्रियों ने भी दोनों युवाओं से मुलाकात कर उनकी यात्रा के अनुभव सुने। युवाओं ने कहा कि यात्रा पूरी होने के बाद भी वे समाज हित में जनजागरण अभियान चलाते रहेंगे और गौ संरक्षण व संस्कृति संवर्धन के लिए कार्य करते रहेंगे।
14 फरवरी को सोमनाथ से शुरू हुई यात्रा
- गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रचार का संदेश
- करीब 5 हजार किलोमीटर साइकिल से तय कर पहुंचे कार्तिक स्वामी
- पंचकेदार और बदरीनाथ धाम के दर्शन भी करेंगे
- विभिन्न राज्यों में चला रहे हैं जनजागरण अभियान
