पौड़ी : पौड़ी में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, कई स्थानों से हटाए गए अवैध कब्जे

Team PahadRaftar

पौड़ी, जसपाल नेगी संवाददाता। जिलेभर में सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। विभिन्न तहसीलों और नगरीय क्षेत्रों में चलाए गए संयुक्त अभियानों के दौरान दर्जनों अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।

यमकेश्वर तहसील क्षेत्र में गरुड़ चट्टी से लक्ष्मणझूला तक जिला प्रशासन और नगर पंचायत स्वर्गाश्रम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक भूमि और मार्ग क्षेत्र में किए गए 13 अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। प्रशासन का कहना है कि इससे आवागमन सुगम होगा और सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

लैंसडाउन तहसील के ग्राम सुराड़ी स्थित गमूरों तोक में राजस्व विभाग ने राजकीय भूमि पर किए गए दो अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान एक अस्थायी स्टोरनुमा ढांचा और तारबाड़ को हटाकर भूमि को मूल स्वरूप में बहाल किया गया। संबंधित लोगों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के दुगड्डा बाजार क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। विभागीय टीमों ने पूर्व में चिन्हित अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बनी अस्थायी संरचनाएं हटाईं। अभियान में लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम शामिल रही।

कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में भी प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए 12 चिन्हित अस्थायी अतिक्रमण हटाए। वहीं नगर पालिका परिषद पौड़ी क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस से बस स्टेशन तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। रिखणीखाल तहसील के ग्राम जामरी में भी राजस्व भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Next Post

बागेश्वर : पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता पर्यटक की तलाश तेज, सात टीमें कर रहीं सर्च

पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता पर्यटक की तलाश तेज, सात टीमें कर रहीं सर्च कपकोट। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए उत्तर प्रदेश के शामली निवासी पर्यटक अभिषेक चौहान की तलाश में बागेश्वर पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सात टीमों को लगाया गया […]

You May Like