गौचर : मिनी स्टेडियम का तीसरी बार भूमिपूजन चुनावी स्टंट : मुकेश नेगी

Team PahadRaftar

संवाद सहयोगी, गौचर : कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से वर्ष 2022 में कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुकेश नेगी ने गौचर मैदान में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के भूमिपूजन को चुनावी स्टंट करार दिया है। उन्होंने कहा कि एक ही परियोजना का बार-बार भूमिपूजन कर भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

मंगलवार को जारी बयान में मुकेश नेगी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गौचर मैदान में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाकर मैदान का समतलीकरण और चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था।

उन्होंने कहा कि सात जनवरी 2022 को तत्कालीन विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्टेडियम की आधारशिला भी रखी थी, लेकिन इसके बाद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही उसी स्टेडियम का तीसरी बार भूमिपूजन किया जा रहा है।

मुकेश नेगी ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित स्टेडियम के स्वरूप को लेकर स्थानीय लोगों की राय तक नहीं ली गई है, जबकि इसी मैदान में हर वर्ष 14 नवंबर से सात दिवसीय ऐतिहासिक गौचर मेले का आयोजन होता है।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार स्टेडियम निर्माण को लेकर गंभीर होती तो अब तक इसका निर्माण पूरा हो चुका होता। एक ही कार्य का बार-बार भूमिपूजन करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने सरकार से स्टेडियम निर्माण की स्पष्ट समयसीमा घोषित करने और जल्द कार्य शुरू करने की मांग की।

Next Post

बदरीनाथ : पीएम मोदी के 4399 दिन पूरे होने पर बदरीनाथ, केदारनाथ और नरसिंह मंदिर में विशेष पूजा

संजय कुंवर बदरीनाथ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित जनसेवा के 4399 दिन पूरे होने पर बुधवार को बदरीनाथ धाम, केदारनाथ धाम और ज्योतिर्मठ स्थित नरसिंह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री की दीर्घायु तथा देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना […]

You May Like