उत्तरकाशी : यमुनोत्री धाम में उमड़ी भीड़, एसपी ने जानकीचट्टी में डाला डेरा

Team PahadRaftar

यमुनोत्री धाम में उमड़ी भीड़, एसपी ने जानकीचट्टी में डाला डेरा

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 में यमुनोत्री धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। व्यवस्थाओं को पटरी पर रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने लगातार दो दिन जानकीचट्टी में कैंप कर यात्रा व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

यमुनोत्री धाम में अव्यवस्थाओं को लेकर मीडिया में खबरें सामने आने के बाद एसपी ने तत्काल संज्ञान लिया और स्वयं मौके पर पहुंचकर यात्रा मार्ग, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने बिरला तिराहा, राम मंदिर, नौ कैंची समेत पैदल मार्ग के कई संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।

एसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहे। पैदल मार्ग पर एक समय में सीमित संख्या में ही घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।

जानकीचट्टी में हुई समीक्षा बैठक में यातायात और पार्किंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण पर नजर रखने तथा CCTV कैमरों और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

पालीगाड से जानकीचट्टी के बीच संकरे और संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। मानसून सीजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात दबाव बढ़ने पर पालीगाड, कुथनौर, खरादी और बड़कोट के होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से रोकने के निर्देश जारी किए गए। आवश्यकता पड़ने पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने की भी तैयारी रखी गई है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : बदरीनाथ हाईवे पर कमेड़ा में जाम, तीर्थयात्रियों के साथ दूध-दही की सप्लाई प्रभावित

कमेड़ा में हाईवे ट्रीटमेंट से लगा लंबा जाम, दूध-दही की सप्लाई भी प्रभावित केएस असवाल गौचर। ऋषिकेश- बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमेड़ा के पास चल रहा भूस्खलन ट्रीटमेंट कार्य यात्रियों के साथ-साथ जरूरी सेवा वाहनों के लिए भी परेशानी का कारण बन गया है। संकरी सड़क और एकतरफा यातायात व्यवस्था […]

You May Like