गौचर में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 40 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए रेफर
द हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल सतपुली की पहल, 150 से अधिक लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
केएस असवाल गौचर। द हंस फाउंडेशन जनरल हॉस्पिटल सतपुली की ओर से सोमवार को गौचर मेला मंच पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में नगर क्षेत्र गौचर और आसपास के क्षेत्रों के 150 से अधिक लोगों की आंखों, बीपी, शुगर, कान-नाक-गला समेत विभिन्न बीमारियों की जांच की गई।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए। जांच के दौरान 40 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन के लिए सतपुली रेफर किया गया। बताया गया कि सभी मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की विशेष स्वास्थ्य जांच भी की गई। साथ ही हर्निया, पाइल्स और पित्त की थैली में पथरी जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

जन कल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, पूर्व डीपीसी सदस्य इंदु पंवार, दीपक गुसाईं, भानु प्रकाश नेगी और भगवती प्रसाद खंडूड़ी ने द हंस फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
