मदमहेश्वर घाटी में वन विभाग का बड़ा छापा, 300 नग अवैध लकड़ी बरामद
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की ऊखीमठ-गुप्तकाशी रेंज की टीम ने मदमहेश्वर घाटी के सीमांत क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध पातन की बड़ी खेप बरामद की है। वन विभाग ने करीब 300 नग कड़ी और तख्ते कब्जे में लिए हैं। कार्रवाई के दौरान वन तस्कर मौके से फरार हो गए।
वन क्षेत्राधिकारी विमल कुमार भट्ट के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम ने विभिन्न तोकों में अभियान चलाया। इस दौरान चीड़ समेत अन्य प्रजातियों की लकड़ी अलग-अलग आकार में बरामद हुई। विभाग ने कब्जे में ली गई वन सम्पदा को वन चौकी और मुख्यालय पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार मदमहेश्वर घाटी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध वृक्ष पातन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विशेष अभियान चलाया गया।
वन क्षेत्राधिकारी विमल कुमार भट्ट ने बताया कि वन अपराध में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

