
राजभवन में चमकी ज्योतिर्मठ की बेटियों की प्रतिभा, राज्यपाल ने किया सम्मानित
संजय कुंवर देहरादून। सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ की बेटियों ने राजधानी देहरादून में अपनी प्रतिभा का दम दिखाकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। लोक भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पीएम श्री जीआईसी ज्योतिर्मठ की छात्राओं और शिक्षकों को नवाचार एवं तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने ए-रूम का उद्घाटन किया। इस दौरान टेक्नोलॉजी हब के माध्यम से प्रदेश के 13 जिलों से चयनित 108 अभिनव आइडियाज की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें युवा प्रतिभाओं के नवाचार आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कक्षा 9 की छात्रा कुमारी असमी के अभिनव आइडिया ने सभी का ध्यान खींचा। राज्यपाल ने स्वयं छात्रा को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पीएम श्री जीआईसी ज्योतिर्मठ की प्रधानाचार्य को एआई मिशन इनोवेशन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर मंच और मार्गदर्शन देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में “आई ऑन बिल” पहल का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य दूरस्थ विद्यालयों के नवोदित बाल वैज्ञानिकों को मार्गदर्शन देना है।
पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की छात्राएं कुमारी दिव्या, कुमारी अनन्या और कुमारी अंकिता ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
