
₹10 हजार की उधारी और बेइज्जती से तंग आकर दोस्त की हत्या, शव नदी में फेंका
ढाई महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरफ्तार
केएस असवाल
कर्णप्रयाग (चमोली)। अलकनंदा नदी किनारे मिले अज्ञात शव के मामले में कर्णप्रयाग पुलिस ने ढाई महीने बाद सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह ₹10 हजार की उधारी और सार्वजनिक रूप से हुई बेइज्जती रही।
10 मार्च 2026 को लंगासू क्षेत्र में चण्डिका माता मंदिर के नीचे अलकनंदा नदी किनारे एक अज्ञात शव मिला था। मृतक के हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से बंधे होने के कारण मामला हत्या का प्रतीत हुआ। शव की पहचान न होने पर पुलिस ने फिंगरप्रिंट लेकर 72 घंटे तक प्रयास किए और बाद में पोस्टमार्टम के उपरांत अंतिम संस्कार कर दिया।
जांच के दौरान मृतक के हाथ पर अंग्रेजी में लिखा “सूरज पुरोहित” पुलिस के लिए अहम सुराग बना। इसी आधार पर पुलिस ने छानबीन तेज की और सर्विलांस के जरिए नंदप्रयाग क्षेत्र तक पहुंच बनाई। 23 मार्च को मृतक की पत्नी मंजू देवी ने सोशल मीडिया पर फोटो देखकर शव की पहचान अपने पति सूरज पुरोहित के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने नंदप्रयाग क्षेत्र में जांच तेज की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर 16 फरवरी की रात आरोपी नरेन्द्र सिंह तोपाल शव को प्लास्टिक के कट्टे में कार की डिग्गी में ले जाते और बाद में वाहन धोते हुए दिखाई दिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नरेन्द्र सिंह तोपाल, निवासी ग्राम धारकोट (चमोली), ने जनवरी में मृतक से ₹10 हजार उधार लिए थे। मृतक द्वारा शराब के नशे में सार्वजनिक स्थानों पर बार-बार अपमानित किए जाने से आक्रोशित होकर उसने 16 फरवरी को हत्या कर दी और शव को झूलाबगड़ पुल से अलकनंदा नदी में फेंक दिया।
आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल व अन्य सामान भी नदी में बहा दिया। एफएसएल टीम ने आरोपी की कार से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने मामले के सफल अनावरण पर टीम को ₹5 हजार का पारितोषिक देने की घोषणा की है।
बरामदगी
घटना में प्रयुक्त कार (अल्टो UK12A-3212)
हाथ-पैर बांधने में प्रयुक्त रस्सी
आरोपी
नरेन्द्र सिंह तोपाल (47), निवासी ग्राम धारकोट, जिला चमोली
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल, एसएसआई संजय नेगी समेत एसआईटी व एसओजी टीम शामिल रही।

