ऊखीमठ : आधा काम, पूरा भुगतान? ग्रामीणों ने उठाए सवाल

Team PahadRaftar

अधूरा काम छोड़ भागी कार्यदाई संस्था, कौल्लू बैण्ड–स्वारी ग्वास मार्ग पर भड़का जनाक्रोश

60% गड्ढे भरकर रुक गया काम, बरसात से पहले हालात बिगड़ने का खतरा

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाला कौल्लू बैण्ड–स्वारी ग्वास मोटर मार्ग एक बार फिर सुर्खियों में है। सड़क मरम्मत का काम अधूरा छोड़ कार्यदाई संस्था के अचानक गायब होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर केवल करीब 60 प्रतिशत गड्ढों का भरान किया गया, जबकि बाकी हिस्से को अधूरा छोड़ दिया गया। इससे सड़क की हालत सुधरने के बजाय और खराब हो गई है। कई जगह गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क की खराब स्थिति को लेकर मार्च में मुख्यमंत्री दरबार तक गुहार लगाई गई थी। इसके बाद सुधार की उम्मीद जगी थी, लेकिन आधा-अधूरा काम कर एजेंसी के गायब हो जाने से नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्राम प्रधान कविता नेगी ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों की जीवनरेखा है। स्कूली बच्चे, मरीज और रोजाना आने-जाने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बरसात से पहले सड़क नहीं सुधरी तो हालात और खराब होंगे।

पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह नेगी ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो काम की निगरानी हुई और न ही गुणवत्ता पर ध्यान दिया गया। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।

सामाजिक कार्यकर्ता पंचम सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पूरा और गुणवत्तापूर्ण काम नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं दीपक सिंह नेगी, राजेश्वरी देवी, चैत सिंह नेगी और जसोदा देवी सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी संस्था पर कार्रवाई और काम शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे लोगों में आक्रोश और अविश्वास दोनों बढ़ गए हैं।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी में 21 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित हाईस्कूल-इंटर के टॉपर्स को डीएम ने किया सम्मानित, कहा—निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता

पौड़ी में 21 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित हाईस्कूल-इंटर के टॉपर्स को डीएम ने किया सम्मानित, कहा—निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता जसपाल नेगी पौड़ी : उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इनमें हाईस्कूल […]

You May Like