
नालियां नहीं बनीं, बारिश में दुवा-कांडा मार्ग का मलबा मकानों पर गिरा
पिछले साल शिकायत के बावजूद नहीं हुआ स्थायी समाधान, भवन स्वामियों में दहशत
केएस असवाल, गौचर। लगातार हो रही मूसलधार बारिश से गौचर क्षेत्र में दुवा-कांडा मोटर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद सड़क का मलबा नीचे स्थित आवासीय भवनों की ओर गिरने लगा। इससे भवन स्वामियों में दहशत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले वर्ष शिकायत के बावजूद सड़क किनारे जल निकासी के लिए नालियां नहीं बनाई गईं, जिसके कारण समस्या और गंभीर हो गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश बिष्ट ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर सड़क धंसने से भारी मात्रा में मलबा नीचे स्थित मकानों की दीवारों तक पहुंचा था। उस समय पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर सड़क के दोनों ओर नालियां बनाने की मांग की गई थी। उनका कहना है कि नालियां नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क के नीचे जा रहा है, जिससे सड़क और पुश्ते पर दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद नालियों का निर्माण नहीं कराया गया। सड़क के नीचे पुश्ता देकर कार्य पूरा कर दिया गया, लेकिन एक वर्ष के भीतर ही पुश्ता भी ढह गया। अब बारिश के दौरान सड़क का मलबा सीधे आवासीय भवनों की ओर पहुंच रहा है।
मलबा गिरने से दौलत सिंह, गंगा देवी समेत अन्य भवन स्वामियों के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। लगातार बारिश के बीच सड़क से मलबा गिरने के कारण लोगों को अपने मकानों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
समय रहते नहीं चेता विभाग तो हो सकता है हादसा
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने और सड़क की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराने के साथ ही मजबूत पुश्ता बनाया जाना जरूरी है। समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है।

