
बीपी, शुगर व आंखों की जांच, 35 मरीज रेफर
केएस असवाल
गौचर (चमोली) : नगरपालिका क्षेत्र गौचर के मेला मैदान स्थित मंच पर सोमवार को हंस फाउंडेशन सतपुली जनरल हॉस्पिटल की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें 148 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

शिविर में रानीगढ़ पट्टी के खरसांई, बिजराकोट, नगरासू, सारी, नारायणबगड़, ग्वाड़, कुलसारी, नंदप्रयाग, कमेड़ा समेत गौचर के पनाई, भट्टनगर और रावलनगर आदि क्षेत्रों से लोग पहुंचे। यहां मरीजों की बीपी, शुगर और आंखों की जांच की गई। जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां और चश्मे भी वितरित किए गए।
फिजिशियन डॉ. सुमित और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजदीप सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का परीक्षण किया।
शिविर के कोऑर्डिनेटर दीपक गुसाईं ने बताया कि 35 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सतपुली जनरल हॉस्पिटल रेफर किया गया है। वहां उनका उपचार और आने-जाने की सुविधा भी निशुल्क रहेगी।
शिविर के आयोजन में जन कल्याण लोक सेवा समिति के सुनील पंवार, राजेंद्र सिंह नेगी और गोविंद सिंह बिष्ट का सहयोग रहा।

