
गौचर में सूने मकान में सेंधमारी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
केएस असवाल
गौचर / चमोली : गौचर क्षेत्र में सूने मकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात, मोबाइल और स्मार्ट वॉच चोरी करने वाले आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी के कुछ जेवर बेचकर बाइक खरीद चुका था और बाकी आभूषण बेचने के लिए देहरादून जा रहा था। पुलिस ने उसे गौचर बैरियर पर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, एक मार्च से चार मार्च 2026 के बीच अर्जुन सिंह निवासी ग्राम सिदोली, हाल निवासी गौचर के किराये के कमरे में चोरी की घटना हुई थी। चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और सोने-चांदी के जेवर, रेडमी मोबाइल फोन और बोट कंपनी की स्मार्ट वॉच चोरी कर ले गया। मामले में कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर एक अप्रैल 2026 को गौचर बैरियर पर चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार उर्फ शुभम (24) पुत्र स्व. सुरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम कुमजुग, पोस्ट सुंग, थाना नन्दानगर, चमोली के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ। बाद में पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।
नशे में घूमते हुए बनाया प्लान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह होली से एक-दो दिन पहले नशे की हालत में गौचर क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान उसने एक मकान के बाहर ताला लटका देखा। मकान मालिक के बाहर होने का अंदाजा लगाकर उसने ताला तोड़ा और घर के अंदर घुसकर कीमती सामान चोरी कर लिया।
हरिद्वार में बेचे कुछ जेवर
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सामान में से एक सोने का लॉकेट, चांदी के बिछुवे और चांदी की अंगूठी उसने हरिद्वार में एक अज्ञात व्यक्ति को करीब 60 हजार रुपये में बेच दिए। इसी रकम से उसने UK-07BL-1750 नंबर की मोटरसाइकिल खरीद ली। बाकी जेवरात बेचने के लिए वह देहरादून जा रहा था।
यह सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
- सोने का मांगटीका
- सोने की नथ
- एक जोड़ी सोने के कुंडल
- सोने की मटरमाला
- सोने की चैन
- एक जोड़ी चांदी की पायल
- रेडमी मोबाइल फोन
- बोट कंपनी की घड़ी
- UK-07BL-1750 नंबर की मोटरसाइकिल
बरामद की है।
टीम को मिला नकद पुरस्कार
घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी चमोली ने 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
