
मठ गांव बनेगा पर्यटन का नया केंद्र, होमस्टे से रोजगार की उम्मीद
चमोली जिले के दशोली विकासखंड का मठ गांव अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के चलते पर्यटन मानचित्र पर उभरता नजर आ रहा है।
खेतों में काम करती महिलाएं
चमोली : दशोली विकासखंड का मठ गांव इन दिनों अपनी मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। चारों ओर फैली हरियाली, कल-कल करते झरने और पंछियों की मधुर चहचहाहट यहां आने वाले हर व्यक्ति को मंत्रमुग्ध कर देती है। बदरीनाथ हाईवे पर स्थित पीपलकोटी से मात्र पांच किलोमीटर की दूरी पर सड़क मार्ग से जुड़ा यह गांव पर्यटन और तीर्थाटन की अपार संभावनाएं समेटे हुए है।
स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि यदि सरकार यहां होमस्टे योजना को बढ़ावा दे और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करे, तो गांव की तस्वीर बदल सकती है। ग्रामीण प्रेम सिंह और युवा विपिन कुंवर का कहना है कि मठ गांव में रोजगार के असीम अवसर हैं, जरूरत है तो सिर्फ सही दिशा और सरकारी सहयोग की।
होमस्टे के विकास से जहां स्थानीय लोगों को अपने घर पर ही रोजगार मिलेगा, वहीं पलायन पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। मठ गांव आने वाले समय में चमोली जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन सकता है।
