बदरीनाथ : सीएम धामी के जन्मदिन पर बदरीनाथ धाम में महाभिषेक, शाम को प्रज्ज्वलित होंगे 51 आशीर्वाद दीप

Team PahadRaftar

बदरीनाथ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा, केदारनाथ धाम में हुआ रुद्राभिषेक

संजय कुंवर | बदरीनाथ धाम

बदरीनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 51वें जन्मदिवस पर बुधवार को बदरीनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। बदरीनाथ मंदिर में धर्माधिकारी की अगुवाई में वेदपाठी आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री के नाम से महाभिषेक पूजा संपन्न कराई। पूजा में मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन बीकेटीसी की ओर से किया गया। बदरीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा के साथ केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक और भगवान केदारनाथ का जलाभिषेक किया गया।

बुधवार शाम को बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों में मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 51 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। धार्मिक अनुष्ठानों में देश और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की गई।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।

उन्होंने कहा कि इन धार्मिक आयोजनों में मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के साथ देश-प्रदेश की उन्नति, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सनातन परंपरा में जनकल्याण और राष्ट्रकल्याण की भावना सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ बदरी-केदार धाम में विशेष पूजा-अर्चना की गई।

Leave a Reply

Next Post

कर्णप्रयाग : सकंड में तीन महीने का भरोसा, अब कागज से जमीन पर उतरने की बारी

सकंड में तीन महीने का भरोसा, अब कागज से जमीन पर उतरने की बारी अधिकारियों के गांव पहुंचने से ग्रामीणों ने फिर जताया भरोसा, सड़क निर्माण को लेकर मिला लिखित आश्वासन केएस असवाल | कर्णप्रयाग कर्णप्रयाग। वर्षों से सड़क का इंतजार कर रहे सकंड गांव के ग्रामीणों के संघर्ष के […]

You May Like