
जसपाल नेगी
पौड़ी /सतपुली : तहसील क्षेत्र के मलेठी गांव में चारापत्ती काटने के दौरान एक महिला पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत नाजुक होने पर उसे हेली सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
जानकारी के अनुसार मलेठी गांव निवासी शर्मिला देवी (40) शनिवार को पेड़ पर चढ़कर चारापत्ती काट रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह करीब 10 फीट नीचे गिर गईं। हादसे में उनकी कमर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल हंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर करने का निर्णय लिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि महिला की स्थिति को देखते हुए तत्काल हेली सेवा के लिए संपर्क किया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला के समन्वय से शीघ्र हेली सेवा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजन महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

